जलभराव से त्रस्त शहरवासियों को किया मच्छरों और कीटों ने परेशान
नगरपरिषद से फॉगिंग व कीटनाशक दवा के स्प्रे कराने की शहरवासियों ने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी, नूंह। जलभराव की समस्या से जूझ रहे जिला मुख्यालय नूंह में अब मच्छरों व कीटों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिसके कारण शहरवासियों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते शहरवासियों ने नगरपरिषद प्रशासन से शहर में फॉगिंग व कीटनाशक दवाओं के छिड़कांव की मांग की है।
बता दें कि शहर का बहुत बड़ा हिस्सा जलभराव की चपेट में है। पानी की निकासी के लिए जिला प्रशासन व नगरपरिषद प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे है, जिनका असर भी अब दिखने लगा है और शहर के कुछ इलाकों में पानी पूरी तरह सूख गया है तथा कुछ में जलस्तर काफी कम हुआ है। हालांकि गहबर रोड पर पानी की टंकी वाली कॉलोनी, हिंदू हाई स्कूल के पीछे वाली कॉलोनी, वार्ड-11, सरदार गुरुमुख सिंह स्कूल के पास वाले क्षेत्र, वार्ड-1 व 2 के कुछ हिस्सों में अभी भी काफी पानी भरा हुआ है।
नूंह शहर निवासी हेमराज कोहली, पंडित गोपाल शर्मा, सुरेंद्र माथुर, बिल्लू टेंट वाला, पंकज मास्टर, नियामत अली पार्षद आदि ने बताया कि बरसात में हुई जलभराव से झाड़ियां बढ़ गई हैं तथा गंदगी बनी हुई है। जिससे मच्छर व कीड़े पनप रहे हैं। शाम के छह बजते ही घर की लाइटों पर कई प्रकार के जहरीले कीड़े आ जाते हैं। जिनके काटने से शरीर के अंगों पर सूजन आ जाती है। वहीं मच्छरों के काटने से डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी जानलेवा बीमारियां भी लोगों को परेशान करने लगी हैं।
कराई जाए स्प्रे:
खाली पड़ी प्लॉटों में झाड़ियां उगने से कीट, मच्छर, सांप, बिच्छू पल रहे हैं। इन झाड़ियों पर घास सुखाने वाली स्प्रे की जाए। नालियों में केमिकल डालें जाए तथा आबादी में फॉगिंग करवाई जाए ताकि मच्छरों से छुटकारा मिल सके। वहीं जहरीले कीटों से बचाव के लिए भी दवाओं की स्प्रे करवाई जाए।
नूंह नगरपरिषद में जल्द फॉगिंग शुरू करवाई जाएगी और शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। -संजय मनोचा, चेयरमैन नगर परिषद, नूंह।