गुरुग्राम। कोरोना लॉकडाउन के बीच जिला प्रशासन ने मारुति की मानेसर यूनिट में 1200 और गुरुग्राम यूनिट में करीब 10 हजार कर्मचारियों को कार्य करने की स्वीकृति दी है। इन यूनिटों में 12 मई से कार्य शुरू हो जाएगा। उनमें विभिन्न मॉडलों का 12, 14 व 18 मई को उत्पादन का आरंभ हो जाएगा। इस तरह 18 मई तक दोनों यूनिटों में सभी मॉडल तैयार होने लगेंगे। कंपनी ने इससे संबंधित पूरी तैयारी कर ली है।
मारुति कंपनी ने 21 अप्रैल को मानेसर एवं गुरुग्राम स्थित अपनी यूनिट चालू करने के लिए आवेदन किया था। तब कंपनी की मानेसर यूनिट में 600 और गुरुग्राम यूनिट में 160 कर्मचारियों को कार्य करने की स्वीकृत मिली थी। इस कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा था। जिला प्रशासन ने लॉकडाउन-3 में दोनों यूनिटों में कार्य करने वाले कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी है।
अब इन यूनिटों में करीब 50 दिन बाद 12 मई से कार्य शुरू होगा। कंपनी अपनी दोनों यूनिटों में प्रवेश करने और बाहर निकलते समय सभी श्रमिकों का बॉडी सैनिटाइजेशन, गेट पर सैनिटाइजेशन टनल की स्थापना, श्रमिकों के बॉडी टेंपरेचर जांच की व्यवस्था करेगी।