संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। शहीद विकास राघव का शनिवार को उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय और सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। विकास के पिता पिता सूरज राघव ने उनके पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इससे पहले लोगों ने जगह-जगह शहीद की अंतिम यात्रा पर पुष्पवर्षा की।
बलिदानी विकास राघव का पार्थिव शरीर शनिवार को विशेष विमान से जम्मू कश्मीर से दिल्ली लाया गया। जहां से सड़क मार्ग से सेना के विशेष वाहन में गुरुग्राम से लगभग 25 किलोमीटर दूर उनके पैतृक गांव दौहला पहुंचा। रास्ते में पड़ने वाले गांवों में सैकड़ों लोगों ने शहीद के पार्थिव शरीर को ले जा रहे वाहन पर पुष्प वर्षा करके उनकी शहादत को नमन किया। राजकीय व सैनिक सम्मान के साथ हुए अंतिम संस्कार में सोहना के नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने विकास राघव के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। राजकीय व सैनिक सम्मान के साथ गांव के पास स्थित अंत्येष्टि स्थल पर शहीद जवान का अंतिम संस्कार कराया गया।