नूंह। जिले में दहेज उत्पीड़न और हत्या का मामला सामने आया है। शाहपुर नंगली गांव में शबनम उर्फ शबीला की मौत को लेकर मायका पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शबनम की हत्या दहेज की मांग पूरी न होने पर की गई है।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर नूंह शहर थाना पुलिस ने ससुराल पक्ष से पति सहित तीन आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की मां रहीसन के अनुसार नवंबर 2023 में बेटी शबनम की शादी अंसार पुत्र आस मोहम्मद निवासी शाहपुर नंगली से हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक मोटरसाइकिल, फर्नीचर व 21 हजार रुपये नकद और सोने चांदी के आभूषण दिए थे। इसके बावजूद पति अंसार, उसकी मां शकीला और चाचा अज्जी शादी के बाद से ही शबनम को ताने देते थे और लगातार कार की मांग कर रहे थे। कार न मिलने पर शबनम के साथ कई बार मारपीट की गई। पीड़ित परिवार का दावा है कि 5 अक्टूबर को घटना के दिन आरोपी अंसार ने फोन करके कहा कि आज हमने तुम्हारी लड़की का काम तमाम कर दिया है, अब उसकी लाश ले जाओ। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और देखा कि शबनम का शव घर के कमरे में चारपाई पर रखा था और गले में दुपट्टा बंधा हुआ था। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाया और जांच कराई। मौके से एक दुपट्टा सबूत के तौर पर कब्जे में लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका की मां रहीसन की शिकायत पर पुलिस ने पति अंसार, सास शकीला और चाचा अज्जी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में जुटी है। संवाद