संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। करवा चौथ के लिए शहर के बाजार सज गए हैं। रविवार को सदर बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ देखी गई। परिधान बाजार, गहना बाजार और ब्यूटी पार्लरों में भी काफी रौनक है। पूजा के लिए सजी थाली, लोटा, चीनी के करवे और शृंगार सामग्री से दुकानें अटी पड़ी हैं।
मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सेक्टरों के ब्यूटी पार्लर 700 रुपये से लेकर 7000 रुपये तक के पैकेज उपलब्ध करा रहे हैं। इन पैकेजों में आर्टिफिशियल जूलरी, हेयर स्टाइल, मेकअप और साड़ी पहनाने जैसी सुविधाएं शामिल हैं। गली-मुहल्लों से लेकर बड़े पार्लरों तक में पैकेज जारी हुए हैं। सोसाइटियों के वाट्सएप ग्रुप में भी इन पैकेजों का प्रचार-प्रसार हो रहा है।
व्रत और खरीदारी की तैयारी
सदर बाजार के विक्रेता संजीव सिंगला 250 रुपये में सजी हुई थाली और लोटे का पैकेज बेच रहे हैं। मेहंदी लगाने वाले इमरान ने बताया कि वे नई डिजाइनों के साथ तैयार हैं। आम दिनों में 100 से 150 रुपये में लगने वाली मेहंदी करवा चौथ से पहले 500 से 1000 रुपये तक में लगाई जाती है। सतीश ने बताया कि मेहंदी का शुल्क मांग और डिजाइन पर निर्भर करता है।
सेक्टर 102 स्थित जॉय विले में पराग आनंद और नेहा आनंद अपनी सोसाइटी में करवा चौथ के फंक्शन की तैयारी में हैं। उद्यमी पराग आनंद और इंटीरियर डिजाइनर नेहा आनंद पिछले 14 सालों से एक-दूसरे के लिए व्रत रख रहे हैं। पराग आनंद का मानना है कि पति को भी पत्नी की सलामती के लिए व्रत रखना चाहिए।