गुरुग्राम। छठ पूजा को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। पर्व की तैयारियों के साथ ही पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की खरीदारी भी तेज हो गई है। बाजारों में सूप, दौरा, बांस की टोकरी, पीतल के बर्तन, नारियल, फल, गन्ना, फूल और पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। छठ पूजा को देखते हुए कारोबारियों ने भी सामान का पर्याप्त स्टॉक मंगवाया है। इस बार छठ पूजा के दौरान जिले में लगभग 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है।
दुकानदारों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले इस बार बाजार में अधिक खरीदारी होने की संभावना है। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक वस्तुओं के साथ फलों और पूजन सामग्री की मांग भी बढ़ रही है। बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के रहने वाले बड़ी संख्या में लोग गुरुग्राम में रहते हैं। ऐसे में छठ पूजा को लेकर बाजार में अच्छी मांग देखने को मिल रही है। पर्व नजदीक आने के साथ ही खरीदारी में और तेजी आने की उम्मीद है।
गुड़गांव व्यापार मंडल के अध्यक्ष रोशनलाल मंगला ने बताया कि छठ पूजा को लेकर बाजार में अच्छा उत्साह है। पिछले साल के मुकाबले इस बार कारोबार में बढ़ोतरी की उम्मीद है। अनुमान है कि इस बार छठ पूजा के दौरान शहर में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हो सकता है।