विशेष पैकेज प्रोग्राम में सर्जरी की सुविधा सिर्फ हरियाणा निवासियों के लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्यमंत्री मुफ्त इलाज योजना (एमएमआईवाई) के तहत राज्य के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को सर्जरी और इलाज की मुफ्त सुविधा दी जाती है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, इस योजना का लाभ हरियाणा के निवासियों को मिलेगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही विशेष पैकेज प्रोग्राम में सर्जरी की सुविधा सिर्फ हरियाणा के निवासियों के लिए है। दस्तावेजों के मुताबिक, योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रकार की सर्जरी पूरी तरह निशुल्क की गई हैं। इनमें नाक, कान और गले से जुड़ी कई जटिल सर्जरी जैसे एंडोस्कोपिक डीसीआर, टायम्पैनोप्लास्टी, मास्टॉइडेक्टॉमी, साइनस जैसी प्रक्रियाएं शामिल हैं। इसके अलावा नाक की हड्डी और मैक्सिला फ्रैक्चर की सर्जरी, सिस्ट हटाने की प्रक्रिया और बच्चों व वयस्कों की अन्य आवश्यक सर्जरी भी मुफ्त की जा रही हैं। योजना के तहत मरीजों को सर्जरी से पहले की जांच, ऑपरेशन के दौरान की दवाइयां, अस्पताल में भर्ती रहने का खर्च और उपचार से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। हालांकि, कुछ विशेष उपकरण जैसे इम्प्लांट या प्रोस्थेसिस इस योजना में शामिल नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में इलाज को सुलभ, किफायती और पारदर्शी बनाना है। सरकार ने सभी सिविल सर्जनों और अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि योजना का प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा मरीज इसका लाभ उठा सकें।
वर्जन
मुख्यमंत्री मुफ्त इलाज योजना में हरियाणा के निवासी का इलाज मुफ्त है लेकिन कुछ विशेष सर्जरी और उपचारों के लिए निर्धारित दरों के अनुसार शुल्क लिया जाता है।
-डाॅ लोकवीर, सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग