अस्पताल में उपचाराधीन आकाशीय बिजली गिरने से घायल।
- फोटो : अमर उजाला
गुरुग्राम के गांव रवा में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक परिवार के तीन सदस्य झुलस गए, जिसमें एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को फिरोजपुर झिरका के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य झोपड़ी को बारिश में दुरुस्त कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार अरशद, खैरम व सोहराब झोपड़ी को दुरुस्त कर रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते आकाशीय बिजली गिरी। जिससे अरशद, खैरम और सोहराब बुरी तरह से झुलस गए। सोहराब की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाकी दोनों घायल हो गए, जिन्हें आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
फिरोजपुर झिरका थाना प्रबंधक रमेश चंद ने बताया कि हादसे की सूचना पाकर मौके पर निरीक्षण किया गया है। पुलिस घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई की जा रही है।