वर्तमान में सेक्टर-8 के निजी भवन में संचालित हो रहा है संचालित
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर जल्द ही किराये के भवन की व्यवस्था से बाहर निकलकर अपने स्थायी कार्यालय की ओर कदम बढ़ाने जा रहा है। एचएसआईआईडीसी ने निगम कार्यालय के निर्माण के लिए 2.99 एकड़ जमीन देने पर सहमति दे दी है। जमीन की निशानदेही पूरी हो चुकी है और अब केवल अंतिम मंजूरी का इंतजार है।
नगर निगम का कार्यालय वर्तमान में सेक्टर-8 के एक निजी भवन में संचालित हो रहा है। हाल ही में भवन खाली करने का नोटिस मिलने के बाद निगम प्रशासन के सामने नई व्यवस्था करने की चुनौती खड़ी हो गई थी। ऐसे में अपने भवन के लिए जमीन मिलने की प्रक्रिया को बड़ी राहत माना जा रहा है।
एचएसआईआईडीसी के एजीएम राजीव गोयल ने बताया कि जमीन हस्तांतरण के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेज दिया है। अनुमति मिलते ही जमीन नगर निगम को सौंप दी जाएगी। इसके बाद भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।
नया कार्यालय भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जहां निगम के सभी विभाग एक साथ कार्य करेंगे। इससे न केवल प्रशासनिक खर्चों में कमी आएगी बल्कि लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। निगम की इंजीनियरिंग शाखा जल्द ही भवन का नक्शा और निर्माण लागत का अनुमान तैयार करेगी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अपना भवन बनने से निगम के कामकाज में तेजी आएगी।