मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राज्यव्यापी अभ्यास अभियान का किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि भारत की महान सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है, जिसने हजारों वर्षों से मानवता को संतुलित, स्वस्थ और आध्यात्मिक जीवन की राह दिखाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने योग को विश्व पटल पर स्थापित किया और आज पूरी दुनिया इसे अपना रही है। योग हमारे ऋषि-मुनियों और साधकों की अमूल्य देन है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क (लेजर वैली) में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित राज्यव्यापी योग अभ्यास अभियान के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित योग साधकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, नलवा के विधायक रणबीर पनिहार उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे 21 जून तक आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा हरियाणा को देश का सबसे स्वस्थ, जागरूक और खुशहाल राज्य बनाने के संकल्प में सहभागी बनें। इस अवसर पर हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने विभिन्न योग क्रियाओं के लाभ बताते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह तथा हज़ारों योग साधकों को सामूहिक योगाभ्यास कराया।