10वीं के हैं दोनों छात्र, रोजाना स्कूल में आकर कर रहे अपने प्रोजेक्ट पर काम
चुकंदर, मशरूम और ब्रोकली से हेयर कलर बना रहीं हैं रानी,
प्रिपिष एआई आधारित कोहरे की तीव्रता और गाड़ी की स्पीड के अनुसार काम करने वाली लाइट पर कर रहे काम
काजल कुमारी
फरीदाबाद। सेक्टर-87 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के दो होनहार विद्यार्थियों, रानी चौधरी और प्रिपिष ने अपने अनोखे और वैज्ञानिक सोच से मानक इंस्पायर अवॉर्ड 2025-26 के लिए नामांकन दिया है। दोनों छात्र कक्षा 10वीं में पढ़ते हैं और विज्ञान व नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रयोग कर रहे हैं।
रानी चौधरी एक ऐसा जैविक हेयर प्रोडक्ट तैयार कर रही हैं, जो बिना किसी हानिकारक रसायन के बालों को प्राकृतिक रूप से काला करने में मदद करेगा। इस प्रोडक्ट को बनाने में वह चुकंदर, मशरूम और ब्रोकली जैसी ऑर्गेनिक सामग्री का इस्तेमाल कर रही हैं। रानी प्रतिदिन स्कूल की प्रयोगशाला में आकर अपने प्रोजेक्ट पर काम करती हैं। उनका कहना है कि आजकल बाजार में मिलने वाले महंगे और केमिकल-युक्त हेयर ट्रीटमेंट से बालों को नुकसान पहुंचता है, इसलिए वह एक सुरक्षित और सस्ती जैविक वैकल्पिक विधि पर काम कर रही हैं।
वहीं, प्रिपिष अपने सहपाठियों आदित्य और सुयश के साथ मिलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित एक प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। यह प्रोजेक्ट एक ऐसी स्मार्ट लाइट और वाहन नियंत्रण प्रणाली से जुड़ा है, जो कोहरे की तीव्रता और गाड़ी की स्पीड के अनुसार काम करेगी। इससे दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिल सकती है। इन दोनों नवाचारों ने छात्रों की वैज्ञानिक सोच और समस्या समाधान क्षमता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। स्कूल प्रबंधन ने भी इन प्रयासों की सराहना करते हुए छात्रों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया है।
हमारे छात्रों की सोच और लगन काबिल-ए-तारीफ है। ये बच्चे न सिर्फ वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समाज की समस्याओं को समझ रहे हैं, बल्कि उसके समाधान भी ढूंढ रहे हैं। ऐसे नवाचार भविष्य के भारत को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। स्कूल प्रशासन की ओर से इन्हें हर स्तर पर सहयोग दिया जा रहा है। - डॉ. बिंदू शर्मा, स्कूल प्राचार्य