50 सिम-कार्ड बेचे
गुरुग्राम। मूंगफली खरीदने के नाम पर एक व्यक्ति से 1.71 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने यूपी के कानपुर निवासी विनय शर्मा को पकड़ा है। कानपुर से गिरफ्तार आरोपी साइबर ठगों को ग्राहकों की जानकारी का दुरुपयोग कर सिम-कार्ड मुहैया कराता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी विनय शर्मा वोडाफोन इंडिया टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर के अंतर्गत एक पीओएस एजेंट के रूप में काम करता था। वह ग्राहकों की केवाईसी और लाइव फोटो संबंधी जानकारी का दुरुपयोग करके उनकी सहमति के बिना सिम-कार्ड जारी करता था। इन सिम-कार्ड्स को वह अपने साथियों के माध्यम से साइबर ठगों तक पहुंचाता था।
पूछताछ में पता चला कि ठगी की वारदात में इस्तेमाल किया गया वोडाफोन इंडिया कंपनी का मोबाइल नंबर भी विनय शर्मा ने ही मुहैया कराया था। आरोपी अब तक साइबर ठगों को लगभग 50 सिम-कार्ड दे चुका है। इनके बदले में उसे करीब एक लाख रुपये मिले थे। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की गहनता से जांच कर रही है। मामले में 13 फरवरी 2026 को साइबर क्राइम थाना वेस्ट में शिकायत दर्ज कराई गई थी।