आकर्षक झांकियों के साथ निकाली गई भव्य शोभायात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। शनिवार को अग्रवाल सभा के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन की 5174वीं जयंती बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसका शुभारंभ नगर के रेवाड़ी रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला से हुआ।
शोभायात्रा से पूर्व सुबह के समय अग्रवाल धर्मशाला में समाज के लोगों ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजा-अर्चना की और हवन का आयोजन किया। सायंकाल में शुरू हुई शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन की भव्य झांकी के साथ-साथ अग्रवाल समाज के 18 गोत्रों का प्रतीक 18 घोड़ों की झांकियां शामिल रहीं जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा धर्मशाला से शुरू होकर बावला चौक, लखपत चौक, विजय चौक, पटौदी चौक, जाट चौक और मुख्य बाजार से होते हुए पुनः अग्रवाल धर्मशाला पर सम्पन्न हुई। मार्ग में नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर अग्रवाल समाज के प्रधान नेमी बंसल ने महाराजा अग्रसेन के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन को समाजवाद का अग्रदूत माना जाता है। उन्होंने अपने क्षेत्र में सच्चे समाजवाद की स्थापना के लिए नियम बनाए। वे एक धार्मिक शांति दूत, प्रजा वत्सल, अहिंसा के समर्थक, बलि प्रथा का विरोध करने वाले, करुणानिधि और सभी जीवों से प्रेम करने वाले दयालु राजा थे। शोभायात्रा में अग्रवाल सभा के प्रधान नेम चंद बंसल, तुलसी मंगला, मंडी प्रधान संजय गोयल, महेंद्र गोयल, विनोद गोयल, शिवम गर्ग, राजकुमार गोयल, गोल्डी मंगला, दीपक मंगला, पवन गुप्ता, अशोक गोयल, चेयरपर्सन सुनीता सोनी गोयल, ज्योति मंगला सहित समाज की महिलाएं और अन्य गणमान्य व्यक्ति बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस आयोजन ने अग्रवाल समाज की एकता और महाराजा अग्रसेन के प्रति श्रद्धा को प्रदर्शित किया।