दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर जयपुर घूमने जा रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कार हुई हादसे का शिकार
संवाद न्यूज़ एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। नूंह जिले की सीमा से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गांव अगोन के समीप एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कार हादसे का शिकार हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपनी पत्नी और बच्चे के अलावा दोस्त के परिवार को लेकर गुरुग्राम से जयपुर घूमने जा रहे थे। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर गांव अगोन के समीप सामने चल रहे कंटेनर के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उनकी कार अनियंत्रित होकर कंटेनर में जा घुसी। हादसे में कार में सवार दोनों दंपती और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, उनका इलाज उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में चल रहा है। सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पत्नी कोमा में चली गई है।
पुलिस को दी शिकायत में डिफेन्स कॉलोनी, गली नं0-6. नजदीक दुर्गा माता मंदिर, गांव भोंडसी जिला गुरुग्राम में रहने वाले आशीष सैनी पुत्र दीनदयाल सैनी ने बताया कि वह सेंट्रीक आईटी कम्पनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। एक अक्तूबर को वह अपनी पत्नी श्रुति सैनी, बेटा दिवित सैनी (2) दोस्त हरीश राठौर निवासी विकास नगर वार्ड-1 रुद्रपुर, उत्तराखंड, उनकी पत्नी आयुषी और बेटा राघव (2) के साथ अपनी टाटा पंच कार में सवार होकर जयपुर घूमने जा रहे थे।
सामने से गाड़ी के हुई कबाड़
तेज रफ्तार कार जैसे ही ट्रक के अंदर घुसी वैसे ही वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आशीष ने बताया कि उन्हें गाड़ी में होश आया तो उन्होंने कंटेनर के नंबर देख लिए। इसके बाद वह फिर से बेहोश हो गए। उन्होंने बताया कि हाईवे की एंबुलेंस उन्हें अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगे रेफर कर दिया। बाद में होश आने के बाद उन्होंने अपने परिवार को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोगों ने उन्हें गुरुग्राम के पारस हॉस्पिटल के एडमिट कराया।
आशीष की पत्नी कोमा में दोस्त और उसकी पत्नी की हालत गंभीर
शिकायतकर्ता आशीष ने बताया कि उनकी पत्नी श्रुति हादसे के बाद बाद कोमा में चली गई है। वहीं, दोस्त हरीश और उनकी पत्नी आयुषी की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दोनों बच्चों को भी चोटें आई हैं। आशीष ने बताया कि सभी को अब उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जहां उनका उनका इलाज चल रहा है। फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी निखिल ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात कंटेनर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कंटेनर को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। उसके नंबरों के आधार पर ड्राइवर का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।