अवैध खनन में संलिप्त जब्त ट्रैक्टर ट्रॉली
-अरावली पर्वत श्रृंखला के गांव चीला क्षेत्र में की गई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। सदर थाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एवीटी स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। यह कार्रवाई अरावली पर्वत श्रृंखला के अंतर्गत गांव चीला क्षेत्र में की गई।
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि गांव चीला के पहाड़ी क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थर खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एवीटी स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध खनन करते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाना सदर तावडू में खड़ा करवा दिया। जांच के दौरान ट्रैक्टर के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया है। साथ ही सिविल माइनिंग विभाग, नूंह को भी सूचित कर दिया गया है ताकि अवैध खनन के मामले में वाहन को नियम अनुसार सीज किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, विशेष रूप से चीला पचगांव ,छारोडाऔर आसपास के गांवों से। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और एवीटी स्टाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रहे हैं। इससे पहले भी जिला पुलिस द्वारा जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध खनन में उपयोग किए जाने वाले रास्तों को अवरुद्ध किया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।