संवाद न्यूज एजेंसी गुरुग्राम। फर्रुखनगर और गुरुग्राम के कई परिवारों के लिए जन्माष्टमी का पर्व खुशियों का अनमोल तोहफा भी लेकर आया। इस दिन गुरुग्राम में 19, फर्रुखनगर में दो और पटौदी में एक नन्हे मेहमान ने जन्म लिया। इन नन्हे मेहमानों के आगमन से परिवारों की खुशियां दोगुनी हो गई और अस्पतालों में हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला।
फर्रुखनगर के अस्पताल में फाजिलपुर बादली निवासी कुषमा ने बालक को जन्म दिया। बालक को परिजन कन्हैया, कृष्ण और कान्हा कहकर पुकारते हुए बधाइयां दे रहे हैं। वहीं, वार्ड-5 फर्रुखनगर निवासी रेणु ने गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में कन्या को जन्म दिया, जिसे परिजन राधा रानी के नाम से संबोधित कर रहे हैं। इस विशेष संयोग से परिवारों और परिजनों में हर्षोल्लास का माहौल है।
वहीं, दूसरी तरफ पटौदी के नागरिक अस्पताल में लक्ष्मी ने पहली संतान के रूप में कन्या को जन्म दिया। बिनौला की निवासी लक्ष्मी कन्या को राधा का रूप मानकर खुशी मना रही हैं। नागरिक अस्पताल की एसएमओ डॉ. नीरु यादव के अनुसार जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।