गुरुग्राम। बेकाबू होते कोराना संक्रमण के बीच जिले के सरकारी और नामी प्राइवेट अस्पतालों में अब ऑक्सीजन का संकट गहराने लगा है। जिनके लिए जरूरत के अनुसार ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं हो पा रही है। बृहस्पतिवार को आर्टेमिस, फोर्टिस सहित कई अस्पतालों के संचालकों ने ऑक्सीजन खत्म होने पर मरीजों के सामने लाचारी दिखाई। जिला प्रशासन से अनुरोध भी किया गया। मानवता के लिहाज से मानेसर स्थित स्टार स्पेशल एयर गैस के एमडी दीपक दुआ ने शुक्रवार दोपहर बाद तक के लिए गैस की व्यवस्था कराई है ।
जिला प्रशासन ने शहर में 41 कोविड अस्पताल बनाए हैं जिनमें से कई बड़े अस्पतालों के अपने अपने ऑक्सीजन प्लांट भी हैं लेकिन मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण वहां पर खपत के अनुसार व्यवस्था नहीं हो पा रही है। उन्होंने मरीजों के लिए अतिरिक्त सिलिंडर भी लगाए हैं। पिछले सप्ताह तक भिवाड़ी, पानीपत, नोएडा सहित अन्य प्लांट से सीधे ऑक्सीजन मिल रही थी लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण हर शहर में ऑक्सीजन की मांग बढ़ गई। सभी राज्यों ने दूसरे राज्यों में ऑक्सीजन भेजने पर रोक लगा दी। गुरुग्राम में अन्य शहरों की तुलना में अधिक मरीज होने के कारण ज्यादा ऑक्सीजन की मांग की जा रही है। जोकि अस्पतालों को नहीं मिल पा रही है। बृहस्पतिवार देर शाम फोर्टिस अस्पताल के निदेशक डॉ. दीवान के अनुरोध पर 57 सिलिंडर ऑक्सीजन मानेसर से उपलब्ध कराई गई है।
इन परिस्थितियों में मानेसर स्थित स्टार स्पेशल एयर गैस के एमडी ने जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर भिवाड़ी तथा पानीपत प्लांट से अतिरिक्त गैस की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि प्लांट से गैस मिल जाए तो वह आगामी 15 दिन तक अस्पतालों को जरूरत के अनुसार निशुल्क गैस उपलब्ध करा देंगे। कंपनी के इस पत्र के आधार पर जिला उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री से ऑक्सीजन के लिए संपर्क किया है।
पुलिस की देखरेख में बंटी ऑक्सीजन
मानेसर स्थित प्लांट पर ऑक्सीजन के लिए सुबह से ही अस्पतालों के संचालकों तथा उनकी एंबुलेंस की भीड़ लग गई। प्लांट पर किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इस दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया। अस्पताल तथा अन्य लोगों को जरूरत के अनुसार गैस के टोकन दिए गए और उन्हीं के अनुसार गैस रिफिल करके बारी-बारी से बांटी गई।
मार्केट में नहीं रहे खाली सिलिंडर
जिले में ऑक्सीजन की मारामारी के कारण खाली सिलिंडर भी नहीं मिल रहे हैं। अधिकांश सिलिंडर बेचने वाली कंपनी से अस्पताल के संचालकों ने थोक में ही सिलिंडर खरीद लिए हैं। इस कारण शाम को जरूरत के अनुसार सिलिंडर भी नहीं मिले। इंडिया मेक कंपनी के संचालक ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर में स्टॉक खत्म हो गया। खाली सिलिंडर के लिए ऑर्डर दिया है जो कि सोमवार तक उपलब्ध हो जाएंगे।