गुरुग्राम। उधार में दिए पैसे वापस न मिलने पर झाड़सा निवासी एक व्यक्ति ने मंगलवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर झाड़सा पुुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी समेत सभी आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे।
फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी सौरभ ने पुुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता सुदेश जैन ने झाड़सा में रबड़ के पहिये बनाने की फैक्ट्री लगा रखी थी। उनकी पटौदी चौक निवासी रिंकू नामक युवक से जान-पहचान थी, जिसने सुदेश से ब्याज पर करीब 8 लाख रुपये उधार लिए थे। उसने खुद तो उधार लिया ही था, करीब 7-8 अन्य लोगों को भी उधार पर पैसे दिलवाए थे। पिछले काफी समय से सुदेश रिंकू व उसके साथियों से पैसे लौटाने की मांग कर रहे थे लेकिन रिंकू ने पैसे देने से साफ मना कर दिया था।
इससे सुदेश मानसिक तौर पर काफी परेशान रहते थे। इसी के चलते पिछले मंगलवार को उन्होंने अपनी फैक्ट्री में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि सुदेश ने संभवत: किसी अन्य से पैसे लेकर आरोपियों को उधार दिए थे और उस पर उधार चुकाने का दबाव बनाया जा रहा था। इस बात की भी जांच की जा रही है।