संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। सेक्टर-82 और 82ए के बीच सड़क का छोटा-सा हिस्सा नहीं बनने से आसपास की सोसाइटियों में रहने वाले करीब 5 हजार परिवारों को रोजाना लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर सीनियर सिटिजंस फेडरेशन ने उपायुक्त को पत्र देकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
फेडरेशन के अध्यक्ष एसएल सिंगला ने बताया कि सेक्टर-82 और 82ए को जोड़ने वाली 24 मीटर सड़क करीब 20-30 मीटर हिस्से की जमीन नहीं मिलने के कारण पूरी नहीं हो पा रही है। सड़क पूरी होने से आसपास के लोगों को सीधा रास्ता मिल सकता है और रोजाना लगने वाला अतिरिक्त चक्कर भी खत्म हो जाएगा। फेडरेशन ने सेक्टर-82 के ई-ब्लॉक की ई-3 गली की समस्या भी प्रशासन के सामने रखी है। यहां सड़क और पार्किंग की सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी होती है। बारिश के समय स्थिति और खराब हो जाती है।
इसके साथ ही सेक्टर-82, 83, 84 और 85 में कम्युनिटी सेंटर नहीं बनने का मुद्दा भी उठाया गया है। फेडरेशन का कहना है कि इन सेक्टरों में रहने वाले लोगों को सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए दूसरी जगह जाना पड़ता है।