मुकेश शर्मा ने वार्ड-23 और 24 में दी विकास कार्यों को गति
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम में विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक मुकेश शर्मा ने वार्ड 23 और 24 में सड़क और सीवर लाइन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके बाद वार्ड 23 के गांव चक्करपुर में विधायक शर्मा ने क्षेत्रवासियों से संवाद किया। इस अवसर पर पार्षद कुणाल यादव, स्थानीय नागरिक और क्षेत्र के सम्मानित निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए उनकी प्रशंसा की। मुकेश शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य जिले के हर नागरिक तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना, स्वच्छ और सुगम वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वह जनसेवा के इस मार्ग पर हमेशा लोगों के साथ हैं और उनके लिए समर्पित हैं।
साथ ही, वार्ड 24 के सैनी खेड़ा क्षेत्र में भी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया, जिसमें भाजपा नेता अनिल यादव समेत कई क्षेत्रवासी मौजूद थे। विधायक शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि उनका लक्ष्य जिले की सड़कों को सुरक्षित, बेहतर और सुगम बनाना है।