उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री बोले-सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सरकार के पास जनहित के कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। आमजन केवल नियमों और मानकों के अनुरूप अपने प्रस्ताव लेकर आएं, सरकार उनकी समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के क्रियान्वयन में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। वे बृहस्पतिवार शाम नगर निगम क्षेत्र के गांव मैदावास तथा धूमसपुर में 16 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास उपरांत आयोजित कार्यक्रमों में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की नीति और नीयत दोनों स्पष्ट हैं। सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा शहर है और यहां की आधारभूत संरचना को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की समस्या वाले 158 स्थानों की पहचान की गई थी। इन सभी स्थानों पर संबंधित विभागों द्वारा विशेष अभियान चलाकर आवश्यक सुधारात्मक कार्य किए गए हैं। ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने, नालों की सफाई तथा अन्य आवश्यक कार्यों के कारण इस वर्ष शहरवासियों को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।