गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सोमवार को एंटी-एनक्रोचमेंट पोर्टल लॉन्च किया। इसके जरिये नागरिक ग्रीन बेल्ट, सड़क, फुटपाथ, नालियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हुए अतिक्रमण की मौके से ही जियो-टैग और टाइम-स्टैंप वाला फोटो अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा ने कहा कि https://gmda.gov.in/anti-encroachment पोर्टल का उद्देश्य अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई को तकनीक आधारित और जनभागीदारी वाला बनाना है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि और जीएमडीए की रोड की जमीन (आरओडब्ल्यू) को अतिक्रमण मुक्त रखना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। पोर्टल के माध्यम से नागरिक मोबाइल कैमरे से मौके पर अतिक्रमण की फोटो अपलोड कर सकेंगे। फोटो में मौजूद जियो-कोऑर्डिनेट और टाइम-स्टैंप के आधार पर पोर्टल संबंधित स्थान का पता भी दर्ज करेगा। शिकायतों को ग्रीन बेल्ट, सड़क, बाजार, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक स्थानों जैसी श्रेणियों में दर्ज किया जा सकेगा। अधिकारियों के लिए बनाए गए एडमिन मॉड्यूल के माध्यम से शिकायतों की निगरानी और उन पर की गई कार्रवाई का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसमें अतिक्रमण हटाने से पहले और बाद की स्थिति भी दर्ज की जा सकेगी, जिससे कार्रवाई की प्रगति पर नजर रखी जा सके। ब्यूरो