संवाद न्यूज एजेंंसी
गुरुग्राम। विधायक मुकेश शर्मा के सेक्टर-21 स्थित आवास पर आयोजित श्री गणेश महोत्सव की भजन संध्या में भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा ने शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा भक्तिमय समां बांधा कि पूरा गणपति दरबार भक्ति के रंग में डूब गया। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते नजर आए और गणपति बप्पा, बाबा श्याम और बजरंगबली के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।
लखबीर सिंह लक्खा ने अपनी प्रस्तुतियों में भोलेनाथ, गणपति बप्पा, बाबा श्याम और बजरंगबली के भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति के अलग-अलग रंगों से जोड़ा। अबतक अलग-अलग दिन भजन गायकों सौरभ शर्मा, अंजली द्विवेदी, शुभम ठाकरान और कुंज बिहारी दास ने गणपति महोत्सव के मंच पर प्रस्तुतियां दीं। चारों दिनों में अलग-अलग कलाकारों की प्रस्तुतियों ने गणेश महोत्सव को भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक आनंद से जोड़ने का काम किया। चौथे दिवस की भजन संध्या में गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में परिवारजन और श्रद्धालु विधायक आवास पहुंचे। सभी ने गणपति बप्पा के दर्शन कर भजन संध्या में सहभागिता की और भजनों के साथ अपनी श्रद्धा व्यक्त की। 20 सितंबर से शुरू हुए गणेश महोत्सव का समापन 25 सितंबर को हवन-यज्ञ के साथ होगा। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गणपति बप्पा को विदाई दी जाएगी।