बुनियादी सुविधाएं आज भी सपना, प्रशासन की अनदेखी की तस्वीर बनी कॉलोनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। भोंडसी स्थित श्याम कुंज कॉलोनी के निवासियों के लिए बुनियादी सुविधाएं आज भी एक सपना बनी हुई हैं। कहने को तो यह एक विकसित होती कॉलोनी है, लेकिन यहां की सड़कें प्रशासन की अनदेखी की जीती-जागती तस्वीर पेश कर रही हैं। लंबे समय से सड़कों का निर्माण न होने के कारण बरसात के दिनों में हालात बद से बदतर हो रहे हैं।
विशेष रूप से भड़ाना चौक, गली नंबर-5, 6, 7, 8, 9 और 10 की स्थिति सबसे खराब है। यहां सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। जलभराव और जमा कीचड़ के कारण पैदल चलना भी दूभर हो गया है। रुके हुए पानी और गंदगी की वजह से स्थानीय लोगों में अब गंभीर बीमारियां फैलने का डर सता रहा है।
बारिश ने हालात और किए दूभर
गली नंबर 5 के हालात कई साल से ऐसी ही बने हुए हैं। मंगलवार सुबह हुई बारिश ने हालात और दूभर कर दिए। अब तो घर से निकलना भी दूभर हो गया है। - गुरु गिल
अगर हम खुद पैसे न लगाएं तो इन सड़कों से निकलना भी नामुमकिन हो जाए। सरकार को टैक्स देने के बावजूद सुविधाएं शून्य हैं। - अभिषेक उत्तम
सड़कों पर जमा कीचड़ और पानी की वजह से बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ रहा है। - भावेश कुमार
सड़क टूटी होने और पानी भर जाने से ग्राहक दुकान तक नहीं आ पाते है और व्यापार पर प्रभाव पड़ता है। - देव भंडारी