विटामिन डी 3 और कैल्शियम की कमी, व्यायाम नहीं करना और बढ़ता वजन बन रहा समस्या का कारण
नंबर गेम - 15 मरीज रोजाना पहुंच रहे नागरिक अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बदलती जीवनशैली, खानपान में लापरवाही और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण अब कम उम्र के युवा भी घुटनों के दर्द की चपेट में आ रहे हैं। जो परेशानी पहले सिर्फ बुजुर्गों में देखी जाती थी, वह अब 20 से 40 वर्ष के युवाओं को अपना शिकार बना रही है। स्थानीय नागरिक अस्पताल के हड्डी रोग विभाग (ऑर्थोपेडिक्स) में रोजाना करीब 15 युवा इस गंभीर समस्या के साथ पहुंच रहे हैं।
क्यों आ रही है यह समस्या?
अस्पताल के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य ने बताया कि युवाओं में इस दर्द के तीन मुख्य कारण हैं- विटामिन डी3 और कैल्शियम की कमी, नियमित व्यायाम न करना और बढ़ता वजन। लंबे समय तक एक ही जगह बैठकर डेस्क जॉब करना, पैदल चलने से बचना और जंक फूड का अत्यधिक सेवन हड्डियों और मांसपेशियों को कमजोर कर रहा है। बढ़ा हुआ वजन घुटनों पर अतिरिक्त दबाव डालता है, जिससे सीढ़ियां चढ़ने-उतरने और बैठने के बाद उठने में तीव्र दर्द होता है।
जीवनशैली में करें ये सुधार
दर्द को सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें। लगातार परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
जंक फूड और पैकेट बंद खाना न खाएं। भोजन में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, आयरन और विटामिन शामिल करें।
रोजाना कम से कम 20 मिनट व्यायाम या वॉक जरूर करें। वजन को नियंत्रित रखें।
डॉक्टर की पर्ची के बिना खुद से कैल्शियम या विटामिन डी3 के सप्लीमेंट्स बिल्कुल न लें।