सड़क पर युवकों के बीच मारपीट के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहे वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी में युवकों के बीच मारपीट व झगड़ा होने के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दो मामलों में पुलिस भी मौके पर पहुंचकर झगड़ा बंद कराने का प्रयास कर रही है लेकिन युवक आपस में मारपीट व गाली-गलौज करते रहे।
गाड़ियां टकराने पर शुरू हुआ झगड़ा
सेक्टर-5 थाना के अंतर्गत अशोक विहार क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसमें दो युवकों के बीच सड़क पर मारपीट हो रही है। यातायात पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचकर झगड़े को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। दोनों युवक पुलिस की मौजूदगी में भी एक-दूसरे पर लात-मुक्के बरसाते रहे। यह झगड़ा दो गाड़ियों के बीच टक्कर होने के बाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच गाली-गलौज व मारपीट शुरू हो गई।
ईंट से भी किए गए वार
ओल्ड दिल्ली रोड सेक्टर-22 क्षेत्र में रोडरेज का मामला सामने आया है। मामूली कहासुनी के बाद तीन युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवकों ने एक युवक पर ईंट से कई वार भी किए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन युवक सड़क के बीचों-बीच आपस में झगड़ रहे हैं। विवाद किस बात पर शुरू हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है। एक युवक युवकों को छुड़वाने के लिए भी पहुंचता है।
ट्रांसजेंडर व युवकों के बीच हुआ विवाद
इफको चौक पर ट्रांसजेंडरों व युवकों के बीच मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ट्रांसजेंडरों व युवकों के बीच झगड़े को सुलझाने के लिए पुलिसकर्मी भी पहुंचे हैं लेकिन दोनों पक्ष आपस में उलझे हुए थे।
तीनों मामलों में पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं आई है। अगर कोई शिकायत आती है तो उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता