- अस्पताल से डिस्चार्ज मिलने के बाद की गई पूछताछ
- मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं
- मुठभेड़ में कौशल के पैर में लगी थी गोली, कई दिन नागरिक अस्पताल में चला इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले के सहरावन गांव के पास 24 जून की रात अपराध शाखा की पुलिस टीमों और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में घायल हुए कौशल जोनियावास को जेल भेज दिया है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल कौशल जोनियावास का सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा था। दो दिन पहले अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद कौशल जोनियावास से पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया गया है। कौशल ने पूछताछ के दौरान पुलिस को कई जानकारी दी हैं। आरोपी ने विभिन्न वारदातों में उसके साथ रहे दो-तीन बदमाशों के बारे में बताया है। पूछताछ के दौरान जिन बदमाशों के नाम सामने आए हैं, पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुए पांच आरोपियों झुन्झुनु (राजस्थान) के चितोसा गांव निवासी वरुण उर्फ अनमोल, गुरुग्राम के वजीरपुर गांव निवासी ओमबीर उर्फ गोलू और अर्चित उर्फ धीरज, हेड़ाहेड़ी गांव निवासी अनिल उर्फ मोनू और सीतापुर (उत्तर प्रदेश) के देवरिया गांव निवासी रणजीत उर्फ गौरव को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि कौशल जोनियावास ने पूछताछ में दो-तीन बदमाशों के बारे में बताया है। पुलिस उन बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है।