मंदिर प्रबंधन की ओर से डाक कांवड़ के लिए होगी विशेष व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शुक्रवार को शहर के भीतर कांवड़िया शिविर शुरू हो गए हैं। घंटेश्वर मंदिर, भूतेश्वर मंदिर और कादीपुर में पटौदी रोड पर कांवड़िया शिविर लगाए गए हैं। घंटेश्वर मंदिर के प्रबंधक सुभाष शर्मा ने बताया कि अभी बाहर से ज्यादा कांवड़िए नहीं आए हैं, मगर शिविर शुरू हो गया है। शुक्रवार को तीन लोग शिविर में ठहरे। शनिवार से कांवड़ियों के आने की उम्मीद है। मंदिर प्रबंधन की ओर से डाक कांवड़ के लिए विशेष व्यवस्था होगी। कांवड़ियों को भोजन, विश्राम और मेडिकल सुविधाएं देने की शुरुआत हो गई है। हाईवे के साथ कई कांवड़िया शिविर पहले शुरू हो गए थे।
दूसरी ओर झाड़सा गांव के लोगों ने दो शिविर आयोजित किए हैं। इनमें से एक झाड़सा चौक पर पिछले रविवार से शुरू हो गया था। इसके आयोजकों में शामिल जय भगवान ने बताया कि झाड़सा गांव के सुनील, राजीव आदि मिलकर कई सालों से यहां शिविर लगाते रहे हैं। हाईवे से गुजरने वाले कांवड़ियों के रुकने, खाने-पीने, मेडिकल आदि की सुविधाएं शिविर के आयोजक उपलब्ध कराएंगे। झाड़सा गांव के अरुण ठाकरान और अजय ठाकरान दो दशक से ज्यादा समय से राजीव चौक पर कांवड़िया शिविर आयोजित करते रहे हैं। रविवार से यह शिविर भी शुरू हो गया है।
अजय ठाकरान ने बताया कि जैसे-जैस शिवरात्रि नजदीक आएगी, यहां से गुजरने वाले कांवड़ियों से शिविर की रौनक बढ़ जाएगी। भजन कीर्तन, महाकांवड़, नाचते-गाते कांवड़िये हाईवे को शिव की नगरी बना देंगे। शिविर में कांवड़ियों के लिए सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। सिकंदरपुर के लोगों ने सरहोल टोल से आगे स्कवायर बिल्डिंग के पास शिविर लगाया है। हाईवे से गुजरने वाले कांवड़ियों के लिए इस शिविर में ठहरने की व्यवस्था है। पिछले रविवार से शुरू हुए इस शिविर के आयोजकों में शामिल सतीश यादव ने बताया कि सिकंदरपुर गांव के लोग पिछले 28 सालों से कांवड़ शिविर आयोजित कर रहे हैं। हाईवे से गुजरने वाले कांवड़िये यहां रुक रहे हैं। उनके लिए लिए सारी व्यवस्थाएं हैं। सिकंदरपुर गांव के युवाओं का एक समूह डाक कांवड़ लेकर जा रहा है।