महाराष्ट्र की मिहिका ने प्रथम स्थान हासिल किया, नेशनल ओपन वाटर स्विमिंग चैंपियनशिप का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा की बेटी काम्या भारद्वाज ने तैराकी की दुनिया में नया इतिहास रच दिया। मुर्शिदाबाद स्विमिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित 79वीं वर्ल्ड लांगेस्ट 81 किमी नेशनल ओपन वाटर स्विमिंग चैंपियनशिप-2025 में काम्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ ही वह 81 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली हरियाणा की पहली लड़की बन गई हैं।
यह प्रतियोगिता मुर्शिदाबाद जिले की भागीरथी नदी में आयोजित की गई। ओपन वाटर स्विमिंग को तैराकी की सबसे कठिन प्रतियोगिताओं में गिना जाता है, क्योंकि इसमें खिलाड़ियों को नदी की तेज धार, लहरों, ठंडे पानी और शारीरिक थकान से जूझते हुए लंबी दूरी तय करनी होती है। काम्या ने अपने साहस और अदम्य इच्छाशक्ति के बल पर 81 किलोमीटर की यह कठिन यात्रा पूरी की।
काम्या की इस सफलता पर न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा हरियाणा गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनके परिजनों का कहना है कि काम्या बचपन से ही खेलों में रुचि रखती थीं और तैराकी को लेकर जुनून था। माता-पिता ने भी हर कदम पर उनका साथ दिया और आज वही मेहनत इस बड़े मुकाम में बदल गई है।
नेशनल ओपन वाटर स्विमिंग चैंपियनशिप को तैराकी की दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिताओं में गिना जाता है। हर साल देश और विदेश से कई तैराक इसमें हिस्सा लेते हैं। इस बार भी प्रतियोगिता बेहद रोमांचक रही, लेकिन काम्या ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया। काम्या ने तैराकी जैसे कठिन खेल में भी राज्य की नई पहचान बनाई है। काम्या भारद्वाज की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि हरियाणा की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।