गुरुग्राम। हुडा प्रशासक वैशाली सिंह और अतिरिक्त निगम आयुक्त अंकिता चौधरी ने कलाग्राम की आगामी वार्षिक गतिविधियों को लेकर बैठक की सह-अध्यक्षता की। बैठक में स्थानीय कलाकारों को मंच देने और युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया। कलाग्राम की निदेशक शिखा गुप्ता और बोर्ड के सदस्य भी बैठक में मौजूद रहे।
वैशाली सिंह ने कहा कि कलाग्राम का वार्षिक गतिविधि कैलेंडर हरियाणा की समृद्ध कला और संस्कृति को प्राथमिकता देते हुए तैयार किया जाए। स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान, प्रशिक्षण और अपनी कला प्रस्तुत करने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। अंकिता चौधरी ने शिक्षा विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों और उभरती प्रतिभाओं को नियमित मंच देने पर जोर दिया। स्कूलों में संगीत, नृत्य, नाटक और लोक कला के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव भी दिया गया।
वार्षिक कैलेंडर तैयार करने के निर्देश-
अधिकारियों ने कलाग्राम की गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों के साथ समय रहते समन्वय किया जा सके। स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों के बीच संवाद बढ़ाने के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में सीटीएम ज्योति नागपाल, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार समेत कई सदस्य मौजूद रहे।