पीड़ित कुक ने एक मई को दी शिकायत, पुलिस ने मारपीट होने से किया मना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सोनीपत के खरखौदा में जज की कोठी पर काम करने वाले कुक ने जज व उनके गनमैन पर गुरुग्राम में अपहरण करके मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी व्यक्ति ने गुरुग्राम पुलिस को इस बारे में 1 मई को शिकायत दी थी। हालांकि इस बारे में पुलिस भी ज्यादा कुछ बोल नहीं रही है। पुलिस ने किसी तरह की मारपीट होने से मना किया है।
पीड़ित कुक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 अप्रैल की शाम को उसने जज को दो-तीन दिन के लिए करनाल काम पर जाने के लिए कहा था। जज ने उसे 7 अप्रैल को गुरुग्राम आने के लिए कहा। इसके बाद कुक 8 अप्रैल की दोपहर को गनमैन के बताए अनुसार गुरुग्राम पहुंचा और उसे बस अड्डे के पास पीजी में ले जाया गया। रात 10 बजे गनमैन के भांजे ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर पर छोड़ दिया। कुक का आरोप है कि उसे जबरदस्ती गाड़ी में डालकर एक थाने में ले जाकर मारपीट की गई। इसके बाद उसे खरखोदा स्थित कोठी पर ले जाया गया। कुक का आरोप है कि खरखोदा जाने के बाद जज ने निजी अंगों की मालिश करने के लिए कहा था, तो उसने मना कर दिया था। इसके बाद उसके मोबाइल को फारमैट करके वापस दे दिया और इस बारे में मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। पीड़ित ने पुलिस के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट, हरियाणा सरकार और मानवाधिकार आयोग को भी शिकायत भेजी है।
जज ने कुक के उद्योग विहार क्षेत्र में होने बारे में कॉल की थी, जिसके बाद कुक को ढूुंढकर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में उनके साथ भेज दिया था। कुक के साथ थाने में किसी तरह की कोई मारपीट नहीं हुई थी। सोनीपत के खरखोदा में कुक कोठी पर काम करता है। ऐसे में वहां पर कोई घटना हुई है तो उसके बारे में जानकारी नहीं है।
- विनोद कुमार, इंस्पेक्टर व प्रभारी, उद्योग विहार थाना