19 स्कूल ने लिया हिस्स्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। राजकीय महाविद्यालय सिधरावली में दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय नवाचार महोत्सव ‘इनोवेशन 2026-27’ का समापन हुआ। इसमें प्रदेश के 19 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। यह आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रवीण फौगाट के नेतृत्व में संपन्न हुआ। महोत्सव के पहले दिन मुख्यमंत्री हरियाणा के विशेष कार्य अधिकारी राज नेहरू मुख्य अतिथि रहे। समापन सत्र में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची। बिमला चौधरी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और शिक्षा के साथ अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर मेजर प्रो. पी.के. मलिक, भोड़ाकला मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र चौहान और रामनिवास यादव सहित महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
प्रमुख प्रतियोगिताएं और विजेता
भूगोल एवं सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी में राजकीय महाविद्यालय झज्जर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी महाविद्यालय के सुमित ने भूगोल मानचित्र प्रविष्टि और धवन ने इतिहास मानचित्र प्रविष्टि में जीत हासिल की। केएलपी कॉलेज रेवाड़ी के संदीप ने मानचित्र निर्माण में पहला स्थान पाया। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय गुरुग्राम के दीपन जाटी पोस्टर निर्माण में विजेता रहे।राजकीय महाविद्यालय सिधरावली की रानी ने भौगोलिक आकृति निर्माण, करीना ने भूगोल मानचित्र एवं आकृति पहचान और सुप्रिया वर्मा ने स्लोगन लेखन में प्रथम स्थान प्राप्त किया। ज्योति ने रंगोली, साक्षी ने पॉट सजावट और दीपा ने बेकार से सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगिता जीती। एनसीसी एवं सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी तथा एनसीसी ड्रिल प्रतियोगिता में मेजबान महाविद्यालय की टीमों ने पहला स्थान हासिल किया। महक ने अंग्रेजी काव्य पाठ, प्रशांत पाठक ने संस्कृत श्लोक उच्चारण और संयोजिता ने हिंदी कविता पाठ में जीत दर्ज की।