तावडू। नगर में शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने अपराध नियंत्रण को लेकर अहम कदम उठाया। तावडू के डीएसपी अभिमन्यु लोहान और शहर थाना प्रभारी नरेश कुमार यादव ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख ज्वेलर्स और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की।
बैठक में सभी संचालकों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और खराब पड़े कैमरों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए गए। डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने कहा कि अपराध की रोकथाम में सीसीटीवी फुटेज एक महत्वपूर्ण कड़ी होती है, इसलिए इसका सही तरीके से काम करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से पेट्रोल पंप संचालकों को सतर्क रहने के लिए कहा, क्योंकि ये स्थान मुख्य सड़कों पर स्थित होते हैं जहां संदिग्ध वाहन और व्यक्ति अक्सर आते-जाते रहते हैं। वहीं ज्वेलर्स को भी अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी सिस्टम लगाने की सलाह दी गई। संवाद