संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रथम मेरिट सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के लिए पहले राउंड में प्रवेश लेने का बुधवार को अंतिम दिन है। शिक्षा विभाग ने चयनित छात्रों से समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि उनकी सीट सुरक्षित रह सके।
पहले राउंड में प्रवेश प्रक्रिया 17 जुलाई से लेकर 22 जुलाई तक की तिथि निर्धारित की गई है। प्रथम मेरिट सूची में चयनित छात्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित आईटीआई संस्थानों में पहुंचकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन करना है। साथ ही इसी समय सीमा के भीतर ही प्रवेश शुल्क भी जमा करना होगा। जो छात्र निर्धारित समय तक दस्तावेज सत्यापन या शुल्क जमा नहीं करेंगे, उनकी सीट सुरक्षित नहीं होगी।
विभाग के अनुसार, दूसरे राउंड की प्रवेश प्रक्रिया 23 जुलाई से 1 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान रिक्त सीटों पर पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर मिलेगा। शिक्षा विभाग आईटीआई में अधिक से अधिक छात्रों के दाखिले के लिए विभिन्न प्रयास कर रहा है। विभाग ने विद्यार्थियों ने अनुरोध किया है कि निर्धारित शेड्यूल के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया के पूरा करें।