- जलभराव में कूड़ा न उठना और निष्पादन भी बनेगा प्रमुख कारण
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। घर-घर कूड़ा उठाने का मामला पटरी पर आने में अभी तीन माह का समय लगेगा। वहीं, मानसून से पहले अगर व्यवस्था नहीं की गई तो यह कूड़ा जलभराव का कारण बनेगा। जिस कंपनी ही ओर से कूड़ा उठाया जा रहा है उसका करार पूरा होने वाला है। ऐसे में सरकार को नए प्रस्ताव की मंजूरी का इंतजार है। निगम के अधिकारी मानते हैं कि सफाई व्यवस्था पटरी पर आने में अभी कम से कम तीन माह लगेंगे।
ऐसे में तीन लाख से ज्यादा घरों से कूड़ा उठान की व्यवस्था गड़बड़ा सकती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि घरों से कूड़ा उठाने वाली एजेंसी का टेंडर 18 जून को खत्म हो रहा है और निगम ने इससे आगे की कोई तैयारी नहीं की है। स्थिति यह है कि जिस नए टेंडर का प्रस्ताव निगम ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेजा था, उस पर कोई निर्णय नहीं हो सका है।
नई टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं होने के कारण निगम अब घरों से कूड़ा उड़ाने के अस्थायी प्रबंध करने की तैयारी जरूर कर रहा है लेकिन इतनी जल्दी यह व्यवस्था संभव नहीं है। ऐसे में अगर घरों से कूड़ा नियमित रूप से नहीं उठाया गया तो शहर में सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लग सकते हैं।
बिमल राज आउटसोर्सिंग प्राइवेट लिमिटेड एजेंसी अब तक घरों से कूड़ा उठा रही है। एजेंसी द्वारा वाहनों के माध्यम से कूड़ा उठाकर सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट पर भेजा जाता है और यहां से फिर इसे बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर भेजा जाता है।
-
चारों जोन में अलग से होगी सफाई की व्यवस्था
गुरुग्राम। प्रदेश सरकार की ओर से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर निकलने वाले टेंडर में देरी को देखते हुए अलग-अलग चारों जोन में अस्थायी तौर पर कूड़ा उठाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए नगर निगम की ओर से अलग टेंडर का आवंटन किया जाएगा। 18 जून को घर-घर से कूड़ा उठाने वाली कंपनी का करार खत्म हो रहा है। अतिरिक्त निगमायुक्त महावीर ने बताया कि निगम के चारों जोन में सफाई को लेकर जल्द ही टेंडर का आवंटन निकाला जाएगा। ब्यूरो
-
बॉक्स
- 250 कूड़ा गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र से निकल रहा है।
- 3000 के चार हजार टन के बीच कूड़ा निस्तारण बंधवाड़ी में हो रहा है।
- 1200 टन कूड़ा गुरुग्राम में से निकल रहा है।
- 900 से एक हजार टन कूड़ा फरीदाबाद से बंधवाड़ी में पहुंच रहा है
- 10 से ज्यादा एजेंसियां गुरुग्राम में कूड़ा उठान, सफाई और निस्तारण कार्य में लगी हैं।
- 02 एजेंसी मानेसर में सफाई से जुड़े कार्य कर रही है।
-
वर्जन
डोर-टू डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था को जल्द ही पटरी पर लाया जाएगा। प्रदेश सरकार को इसका प्रस्ताव भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलते ही इसका टेंडर निकाला जाएगा। पूरा सिस्टम पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। - प्रदीप दहिया, आयुक्त, नगर निगम गुरुग्राम।