हजार रुपये में बिक रही थी किट, सेक्टर-10 ए थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिला नागरिक अस्पताल के पास एक मेडिकल स्टोर पर अवैध रूप से एमटीपी किट बेचते हुए संचालक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हुए संचालक की पहचान गर्वित जुनेजा के रूप में हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार रात को फर्जी महिला ग्राहक बनाकर मेडिकल स्टोर पर भेजा था। वहां संचालक एक हजार रुपये में महिला को एमटीपी किट बेच रहा था। एमटीपी नोडल अधिकारी की शिकायत पर सेक्टर-10 ए थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. प्रदीप कुमार की टीम ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि जुनेजा फार्मेसी में अवैध रूप से एमटीपी किट बेची जा रही है। इसका भंडाफोड़ करने के लिए उन्होंने एक योजना बनाई। इसमें एक गर्भवती महिला को शामिल किया गया। महिला को अल्ट्रासाउंड कराकर जुनेजा फार्मेसी में एमटीपी किट लाने के लिए भेजा गया था। मेडिकल स्टोर संचालक गर्वित जुनेजा को महिला ने बताया कि वह 77 दिन की गर्भवती हैं। एमटीपी किट के लिए गर्वित जुनेजा ने एक हजार रुपये लेकर महिला को किट दे दी। इस दौरान टीम मेडिकल स्टोर से 50 मीटर दूर मौजूद थी।
महिला ने किट लाकर टीम को दे दी। इसके बाद टीम ने दुकान पर छापा मारते हुए एक हजार रुपये बरामद कर लिए। जांच अधिकारी एएसआई इंदरवेश ने बताया कि मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है। इसके साथ ही संचालक को गिरफ्तार करके जिला भोंडसी जेल भेज दिया गया है। जांच में पता चला है कि उसने करीब डेढ़ महीने पहले ही मेडिकल स्टोर खोला था।