देशद्रोह से जुड़े मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, कई जा चुके हैं जेल
शेरसिंह डागर, नूंह
एक के बाद एक दो जासूसों के पकड़े जाने से मेवात के इलाके को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं। पहले भी देशद्रोह से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं। जिन लोगों पर ऐसे संगीन आरोप लगे हैं, उनमें से अधिकांश अदालत से बरी हो गए हैं। वहीं, कुछ पर अभी मामला चल रहा है। जिले में जितने भी लोगों पर देशद्रोह से जुड़े मुकदमे दर्ज हुए हैं वे आज भी खुफिया एजेंसियों की निगरानी में हैं।
बता दें कि हाल ही में सुरक्षा एजेंसियों व पुलिस ने नूंह से पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में अरमान और तारीफ को गिरफ्तार किया है। दोनों पुलिस रिमांड पर हैं। इससे पहले भी ऐसे आरोपों में करीब एक दर्जन लोग जेल की सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। नूंह थाना के गांव गोलपुरी, पिनगवां थाना के गांव लाहाबास, फिरोजपुर थाना के गांव दोहा व पाटन व नगीना थाना के शाहपुर, गुमट बिहारी, रोजकामेव थाना के गांव राउका , नूंह थाने के टांई सहित कई गांवों के लोगों पर देशद्रोह, जासूसी व देश सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने जैसे गंभीर मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें से कुछ लोग अदालत से बरी हो चुके हैं तो कुछ अभी जेल में हैं।