ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर, 27 को होगी काउंसलिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय के फार्मास्यूटिकल साइंसेज विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए बी फार्मेसी कार्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ने इंस्टीट्यूट लेवल काउंसलिंग का शेड्यूल जारी करते हुए बताया कि यह काउंसलिंग हरियाणा स्टेट टेक्निकल एजुकेशन सोसाइटी की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, बी फार्मेसी कार्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक उम्मीदवार 16 अक्तूबर से विवि के समर्थ एडमिशन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन भरने की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर निर्धारित की गई है। काउंसलिंग की प्रक्रिया 27 अक्तूबर से शुरू होगी। इस दिन सभी श्रेणियों, जिसमें महिला उपश्रेणी भी शामिल है, के लिए इंस्टीट्यूट लेवल काउंसलिंग की जाएगी। 28 अक्तूबर को बिना आरक्षण के (सभी श्रेणियों को मिलाकर) काउंसलिंग आयोजित होगी, जबकि 29 अक्तूबर को खुले सत्र में शेष रिक्त सीटों के लिए काउंसलिंग की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को 27 अक्तूबर को सुबह 10:30 बजे फार्मास्यूटिकल साइंसेज विभाग में शारीरिक रूप से उपस्थित होना अनिवार्य है। समय पर रिपोर्ट न करने वाले अभ्यर्थियों को आगामी काउंसलिंग दौर में शामिल नहीं किया जाएगा।