ऑक्सीजन देने वाले इंडोर प्लांट और सर्दियों के फूलों से घरों को सजाने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिवाली पर बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए गुरुग्राम में ऑक्सीजन देने वाले पौधों को उपहार में देने का चलन तेजी से बढ़ा है। पर्यावरणविदों और विशेषज्ञों के अनुसार, लोग अब पारंपरिक उपहारों की जगह एरिका पाम, स्नेक प्लांट, स्पाइडर प्लांट और पीस लिली जैसे इनडोर एयर-प्यूरिफाइंग पौधों को तरजीह दे रहे हैं। सर्दियों के इस मौसम में घरों को शुद्ध और सुंदर बनाने के लिए आकर्षक गमलों के साथ तुलसी, एलोवेरा, गेंदा और गुलाब की किस्मों की मांग भी काफी बढ़ गई है।
-
सजावटी पौधों में एरिका पाम, सेंसेवेरिया, क्लोरोफाइटम बेरिगेटेड, पीस लिली जैसे पौधे ज्यादा ऑक्सीजन देते हैं। इसके अलावा कारनेशन, गोडेशिया, हॉली हॉक, कार्न फ्लावर गजेनिया, डेमारपोशिया के पौधे घर और उपहार के लिए बेहतर रहेंगे। - अजय कौशिक, वागवानी प्रमुख दिल्ली टूरिज्म
हम उपहार देने के लिए अगर यहां प्राकृतिक रूप से उगने वाले देसी पौधे का प्रयोग करें तो ज्यादा बेहतर रहेगा। ऑक्सीजन के साथ इनके औषधीय फायदे भी मिलेंगे। गमलों के लिए व्रजदंती,अडूस, चित्रक, धौला, तुलसी, शालपर्णी का प्रयोग कर सकते हैं। - विजय दसमाने, बागवानी विशेषज्ञ, अरावली बॉयोडायवर्सिटी पार्क