मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो संदेश से निर्यातकों को दिया वैश्विक बाजार में विस्तार का संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा सरकार ने अगले पांच वर्षों में प्रदेश का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। मंगलवार को गुरुग्राम के होटल ग्रैंड हयात में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो संदेश से निर्यातकों को वैश्विक बाजार में विस्तार के लिए आगे आने को कहा। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कार्यशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि निर्यात वृद्धि विकसित भारत-2047 के संकल्प के लिए जरूरी है।
कार्यशाला में भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से हरियाणा के उद्योगों और निर्यातकों के लिए अवसरों पर चर्चा हुई। इसका आयोजन एमएसएमई निदेशालय ने भारत सरकार के वाणिज्य विभाग और डीजीएफटी के साथ मिलकर किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में हरियाणा का मर्चेंडाइज निर्यात 20 बिलियन डॉलर से अधिक रहा। देश के कुल निर्यात में हरियाणा छठे स्थान पर है। गुरुग्राम के ऑटोमोबाइल, आईटी क्षेत्र और पानीपत के होम टेक्सटाइल ने अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एफटीए से 36 विकसित देशों के बाजारों तक पहुंच के नए अवसर खुले हैं।
बड़े बाजारों में नए अवसरों पर जोर दिया
हरियाणा प्रोग्रेसिव एमएसएमई एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी-2026 अधिसूचित की गई है। इसका लक्ष्य अगले पांच वर्षों में निर्यात दोगुना करना है। नीति में छोटे, पहली बार निर्यात करने वाले, महिला उद्यमियों और ग्रामीण उत्पादकों के लिए विशेष प्रावधान हैं। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव नितिन कुमार यादव ने यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे बड़े बाजारों में नए अवसरों पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सोहना विधायक तेजपाल तंवर, भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव नितिन कुमार यादव, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, डिविजनल कमिश्नर रवि प्रकाश गुप्ता, हरियाणा एमएसएमई एवं उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक डॉ. यश गर्ग, भारत सरकार के वाणिज्य विभाग में निदेशक डॉ. गरिमा मित्तल तथा एचएसआईआईडीसी के एमडी विनय प्रताप सिंह सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उद्यमियों को संबोधित करते मंत्री राव नरबीर सिंह। स्त्रोत- विज्ञप्ति