ग्राम पंचायत शिकारपुर और सरपंच को नोटिस जारी करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। सोहना-तावड़ू-भिवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-919 पर स्थित शिकारपुर चौराहे पर जलभराव की समस्या एक बार फिर गंभीर रूप ले चुकी है। पिछले लगभग 10 वर्षों से बनी इस समस्या के कारण स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव शिकारपुर चौराहे के पास सड़क पर लगातार जलभराव रहने से न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। बरसात के अलावा गांव से निकलने वाला पानी सीधे सड़क पर आ जाता है, जिससे हालात और खराब हो जाते हैं। लोक निर्माण विभाग के अनुसार गांव में उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। विभाग ने ग्राम पंचायत शिकारपुर और सरपंच को अलग-अलग चार नोटिस जारी किए लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हो पाया है। लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अधिकारी तपेश कुमार द्वारा थाना सदर तावडू को लिखे पत्र में बताया गया है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद सड़क पर पानी का बहाव नहीं रोका गया है। विभाग ने हरियाणा रोड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोटेक्शन एक्ट, 2017 के तहत सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बतादें कि मामले को स्थानीय मीडिया द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिला उपायुक्त कार्यालय ने भी संज्ञान लेते हुए लोक व भवन निर्माण विभाग से जवाब मांगा। इसके बाद विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए और उन्होंने पुलिस से हस्तक्षेप करने की अपील की। मार्च 2026 में एक करोड़ 37 लाख की लागत से सोहना से राजस्थान सीमा भिवाड़ी करीब 24 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग को गड्ढा मुक्त करने के टेंडर जारी किए थे। काम तो पूरा हो गया लेकिन अब सबसे अधिक जाम की समस्या शिकारपुर चौराहे पर बनी हुई है। इस विवाद को लेकर शिकारपुर सरपंच प्रतिनिधि अजहरुद्दीन का कहना है कि गांव से जल निकासी की समस्या के लिए पंचायत द्वारा प्रस्ताव के माध्यम से मांग कई बार बजट की मांग की गई है लेकिन अभी तक बजट स्वीकार नहीं हुआ। जैसे ही बजट स्वीकृत हो जाएगा तो उचित जल निकासी की व्यवस्था कर दी जाएगी।
फोटो : शिकारपुर चौराहे पर जल भराव के चलते टूटा हुआ मार्ग।