टैंकरों में भरकर ले जाते हैं पानी, ओवरफ्लो होने से सड़क पर जलभराव
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर-82 स्थित वाटिका सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि पास की एक अन्य सोसाइटी में एसटीपी के पानी के निस्तारण टैंकरों में भरकर ले जाए जा रहे हैं। संबंधित सोसाइटी द्वारा एसटीपी का पानी निकालने के लिए सड़क किनारे एक पाइप लगाया गया है जहां से पानी टैंकरों में भरकर अन्य स्थानों पर ले जाया जाता है।
वाटिका सोसाइटी निवासी अनुज गुप्ता, राम कुमार, एसएल सिंगला, अनीता यादव और अन्य निवासियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है। बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उनका कहना है कि सड़क पर गंदा पानी आने से स्वच्छता प्रभावित होती है और बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।