गुरुग्राम। अवैध हथियार रखने और हत्या के प्रयास के मामले में जमानत पर चल रहे युवक को अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम ने अवैध हथियार के साथ दबोचा। आरोपी से पुलिस को एक कारतूस भी बरामद हुआ है। आरोपी को शनिवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर जेल भेज दिया गया।
अपराध शाखा सेक्टर-31 प्रभारी निरीक्षक नवीन पाराशर ने बताया कि शुक्रवार रात को सूचना के आधार पर टीम ने सेक्टर-15 सीएनजी पेट्रोल पंप के पास से अवैध हथियार और कारतूस के साथ युवक को पकड़ा। आरोपी की पहचान रेवाड़ी के खरखड़ा गांव निवासी अर्जुन उर्फ गोलू पुत्र शंकर वर्मा के रूप में हुई, जो फिलहाल राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में रहता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर अवैध हथियार समेत राजेंद्र पार्क थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास में गोली चलाने का मामला दर्ज है। जिस पर वह जेल जा चुका है। फिलहाल आरोपी जमानत पर बाहर आया हुआ था। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे कोर्ट के माध्यम से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।