मीट कारोबारी को पीटता एक शख्स...
- फोटो : अमर उजाला
बकरीद के लिए पिकअप में मीट लेकर आ रहे सप्लायर को शुक्रवार दिनदहाड़े सदर बाजार के पास ट्रंक मार्केट में 4-5 बाइक सवार युवकों ने बीफ बेचने के शक में जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने गाड़ी के शीशे तोड़ते हुए पीड़ित चालक को उसी की गाड़ी में अगवा कर लिया। भोंडसी जेल मोड़ के पास पुलिस को देखकर हमलावर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। शनिवार को इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर इस मामले में एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस की मदद से घायल चालक को अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस अभी बीफ की बात से इनकार कर रही है। सब इंस्पेक्टर रोहताश ने शुक्रवार को बताया कि घटना के बाद ही घायल के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। मीट का नमूना लेकर लैब में जांच के लिए भेज दिया गया है।
नूंह के घासेड़ा निवासी लुकमान ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे गुरुग्राम मीट मार्केट स्थित ताहिर को मीट सप्लाई करने जा रहा था। रास्ते में उसके पीछे 4-5 बाइक पर सवार 7-8 युवक पीछा करने लगे। मस्जिद के पास स्थित ट्रंक मार्केट में आरोपियों ने उसकी गाड़ी को घेर कर रॉड व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपी उससे मारपीट कर उसी गाड़ी में अगवा कर सोहना रोड की तरफ ले गए।
इस दौरान उसने रास्ते से अपने भाई को फोन कर दिया। भाई ने पुलिस को सूचना दी जिस पर बादशाहपुर थाना पुलिस सतर्क हो गई। जेल मोड़ के पास पुलिस बैरिकेडिंग देखकर आरोपी गाड़ी रोककर फरार हो गए। गंभीर हालत में चालक को सेक्टर-10ए स्थित नागरिक अस्पताल दाखिल कराया गया जहां से आर्टिमिस अस्पताल रेफर कर दिया।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस
इस दौरान पुलिस के सीमा विवाद का मामला भी सामने आया। लुकमान के परिजनों का आरोप है कि वारदात के बाद पुलिस को फोन करने के बाद भी दो घंटे देरी से पहुंची। जिससे आरोपी आसानी से फरार हो गए। घटना के बाद बादशाहपुर व सिटी थाना पुलिस मामला एक दूसरे पर डालते दिखे। देर शाम पुलिस अधिकारियों की स्वीकृति पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने शाम को मामला दर्ज किया।