सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हादसे के कम करने के लिए सख्ती बरतने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जयपुर-दिल्ली हाइवे पर हादसे में 5 लोगों की मौत के मामले के बाद शराब पीकर वाहन चलाने और तेज रफ्तार में वाहन चलाने वालों पर अधिक सख्ती का निर्णय लिया गया। मंगलवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में तय किया गया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों का ड्राइविंग लाइसेंस तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया जाएगा। उपायुक्त ने पुलिस को इस मामले में ढिलाई न बरतने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया की उचित मॉनिटरिंग करें। सड़क दुर्घटना रोकने को लेकर संबंधित विभागों की ओर कारगर उपाय किए जाए। सड़क दुर्घटनाओं की संख्या और उससे होने वाली मृत्यु दर में कमी लानी होगी। उन्होंने पुलिस से कहा कि चालान के साथ लोगों को सड़क सुरक्षा के लिए जागरुक करें। नियमों की जानकारी और उनके पालन से दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। इसके अतिरिक्त, ओवरस्पीडिंग के मामलों को रोकने के लिए एक्शन प्लान बनाएं।
टी-प्वाइंट और यू टर्न पर करें पेड़ों की छंटाई
उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि जितने भी टी-प्वाइंट और यू-टर्न हैं, उनमें दोनों छोर पर पेड़ों व झाड़ियों की छंटाई समय पर की जाए ताकि दृश्यता स्पष्ट रहे और दुर्घटनाओं की संभावना घटे। इस व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी संबंधित एसडीएम निभाएं। डीसी ने यह भी निर्देश दिए कि सर्दियों का मौसम शुरू होने वाला है, ऐसे में सभी प्रमुख सड़कों पर उचित रिफ्लेक्टर लगाए जाएं ताकि कोहरे और कम दृश्यता के दौरान सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके। बैठक के दौरान डीसी ने गैर-सरकारी सदस्यों से भी सुझाव आमंत्रित किए। इसमें ए डीसी वत्सल वशिष्ठ, डीसीपी ट्रैफिक डॉ राजेश मोहन, एसडीएम परमजीत चहल, संजीव सिंगला, दर्शन यादव, अखिलेश यादव, एसीपी जय सिंह, एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव, एमवीओ हरेंद्र वीर, एनएचएआई के अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।