निवासियों ने कहा- झूठी शिकायत पर की कार्रवाई
गुरुग्राम। सनसिटी एवेन्यू सोसाइटी सेक्टर-102 के पास बने छठ घाट को जीएमडीए के नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने मंगलवार को तुड़वा दिया। सोसाइटी के लोगों ने इस कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि झूठी शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है।
सनसिटी एवेन्यू निवासी और पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रताप सिंह यादव ने स्विमिंग पूल बनाने की एक शिकायत समाधान शिविर में दी थी। इसमें कहा गया था कि ग्रीन बेल्ट में स्विमिंग पूल बना हुआ है और यह छोटे बच्चों के लिए खतरा है। मंगलवार को जीएमडीए का प्रवर्तन दस्ता पहुंचा और कथित स्विमिंग पूल को तोड़ दिया। इस कार्रवाई का सनसिटी एवेन्यू निवासियों ने कड़ा विरोध जताया है। उनका कहना है कि इसमें कई साल से लोग छठ पूजा पर सूर्य देव को अर्घ्य देते है। इससे हजारों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। सोसाइटी के लोगों ने उपायुक्त को पत्र लिखकर गलत शिकायत को रद्द करने की मांग की है। दूसरा प्रशासन से मांग की है कि गलत जानकारी देकर माहौल खराब न किया जाए। लोगों ने बताया कि यहां पर छोटा छठ घाट बना हुआ है, जिसमें हर साल लोग पूजा-पाठ करते आ रहे है। यह स्विमिंग पूल नहीं है। स्थानीय लोगों इसका रखरखाव करते आ रहे हैं। ब्यूरो