हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका शहर के बीचो-बीच स्थित बस स्टैंड के पीछे वाली मार्केट में मंगलवार की देर रात एक कॉस्मेटिक की दुकान में भीषण आग लग गई। इसाक में जहां दुकान का सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया, वहीं आगे दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन पानी खत्म होने के कारण आग जलती रही। स्थिति को देखते हुए पुन्हाना और नगीना से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। जो अभी तक आगे बुझाने का प्रयास कर रही है।
अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस हादसे में दुकानदार का लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
विज्ञापन
रात एक बजे लगी आग
दुकानदार मोनू प्रजापति ने बताया कि वह फिरोजपुर झिरका शहर में एक कॉस्मेटिक की दुकान चलाते है। रोजाना की तरह वह मंगलवार की शाम करीब 8:00 बजे अपनी दुकान की बंद कर घर चले गए। जिसके बाद उन्हें रात करीब एक बजे स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि उनकी दुकान से आग की लपटे निकल रही है। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे।
आसपास के लोग बर्तनों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। लेकिन आग ने देखते ही देखते भीषण रूप ले लिया। जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे।
दमकल विभाग की गाड़ियों से पानी हुआ खत्म
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में पानी खत्म हो जाने से हालात और बिगड़ गए। आग की लपटें लगातार बढ़ती गईं और आसपास की दुकानों तक फैलने का खतरा बढ़ गया। जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने आसपास की सभी दुकानों को खाली करवाया और पुन्हाना व नगीना से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया।
दुकान और गोदाम के मालिक मोनू आर्य ने बताया कि आग लगने से उनका भारी नुकसान हुआ है। शुरुआती अनुमान के अनुसार करीब एक करोड़ रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मौके पर प्रशासनिक अधिकारी मौजूद
घटना की सूचना लगते ही प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर गए। शहर थाना प्रभारी जगबीर सिंह, तहसीलदार, नगर पालिका चेयरमैन मनीष जैन सहित शहर के हजारों लोग मौके पर मौजूद है। अभी भी दुकान की ऊपर वाली बिल्डिंग में आग लग रही है। जिसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां कड़ी मशक्कत कर रही हैं। अभी आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया गया है ।
प्रशासन के मुताबिक घटना की जांच की जाएगी और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था को भी और मजबूत किया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर तुरंत काबू पाया जा सके। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है और व्यापारी वर्ग में गहरी चिंता का माहौल है।