सुबह से ही दिखा श्रद्धालुओं का तांता, लंबी कतारों में लगकर किए दर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी के ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर में आयोजित एक महीने तक चलने वाले चैत्र मेले का दूसरा वीकेंड शनिवार को भक्तों भारी भीड़ देखने को मिली। शनिवार सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर माता के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना की।
मंदिर परिसर दिनभर जय माता दी के जयकारों से भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ माता को प्रसाद अर्पित किया और अपनी मनोकामनाएं मांगीं। मेले में खिलौने, धार्मिक वस्तुएं और भगवान की तस्वीरों की सैकड़ों दुकानें सजी हुई हैं, जहां श्रद्धालु खरीदारी भी कर रहे हैं।
इस वर्ष प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं, जो युवाओं और बच्चों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा और कतारबद्ध दर्शन की विशेष व्यवस्था की है, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। आने वाले दिनों में मेले में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।