अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से ढहाया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अवैध निर्माण के खिलाफ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सेक्टर-47 क्षेत्र में तोड़फोड़ अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार करीब 32 सेक्टरों में चिन्हित अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा। सोमवार को सेक्टर-47 में एचएसवीपी की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अवैध रूप से बने ढांचों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान कई अस्थायी निर्माण, शेड, दीवारें और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए गए।
इससे पहले विभाग ने सेक्टर-45, सेक्टर-47 के कुछ हिस्सों और सेक्टर-51 में भी इसी तरह की कार्रवाई की थी। इन क्षेत्रों में अवैध निर्माण हटाकर सार्वजनिक स्थानों को खाली कराया गया था। एचएसवीपी के अनुसार यह पूरा अभियान पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। इसके लिए पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को सेक्टरवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। करीब 10 दिनों तक अलग-अलग सेक्टरों में लगातार यह कार्रवाई चलेगी।
एचएसवीपी की यह कार्रवाई कई बार प्रशासनिक कारणों से बीच में अटक चुकी है। 27 अप्रैल से शुरू होने वाला यह अभियान ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति नहीं होने के कारण समय पर शुरू नहीं हो सका। अब विभाग ने इसे लगातार जारी रखने का निर्णय लिया है, ताकि तय समय सीमा के भीतर सभी चिन्हित स्थानों पर कार्रवाई पूरी की जा सके। सर्वे कर अवैध निर्माणों की सूची तैयार कर ली गई है।