अपराध शाखा मानेसर ने की मामले में कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ तीन एफआईआर भी दर्ज
नंबर गेम - 150 वर्ग गज जमीन पर किया हुआ था अवैध निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अवैध वसूली व एक्सप्लोसिव एक्ट मामलों में संलिप्त अपराधी इंद्रजीत के दो मंजिला मकान को ताेड़ा है। अपराधी ने बादशाहपुर गांव में करीब 150 वर्ग गज जमीन पर अवैध निर्माण किया हुआ था। अपराध शाखा मानेसर की पुलिस ने जिला प्रशासन के समन्वयक से सोमवार की दोपहर को मकान तोड़ने की कार्रवाई की है।
अपराध शाखा मानेसर की पुलिस ने बादशाहपुर गांव निवासी व अपराधी इंद्रजीत को चिन्हित किया था। वह अवैध वसूली, एक्सप्लोसिव एक्ट सहित विभिन्न गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। आरोपी के खिलाफ तीन एफआईआर भी दर्ज हैं। पुलिस ने सूचना के आधार व जांच में जानकारी जुटाकर बादशाहपुर गांव में अवैध रूप से बनाए गए मकान का चिन्हित किया व जेसीबी की मदद से मकान को तोड़ा गया। मकान तोड़ने के दौरान पुलिसबल भी तैनात किया गया था, ताकि शांति कायम रखी जा सके।
अपराधियों द्वारा आपराधिक गतिविधियों से कमाए रुपयों से संपत्ति बनाने या सरकारी जमीन पर बनाए गए मकानों को चिन्हित करके तोड़ा जा रहा है। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों व अपराधियों की सूची बनाई हुई है। भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता।